मीरा-भाईंदर मनपा के दमकलकर्मियों पर बढ़ा दोहरा बोझ

भाईंदर : मीरा-में लगातार बढ़ती आगजनी की घटनाओं के बीच दमकल विभाग के कर्मचारियों को जनगणना कार्य में लगाए जाने से शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पहले से ही कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहे अग्निशमन विभाग पर अब अतिरिक्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों का दबाव बढ़ गया है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराने लगी है. वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण शहर में आग लगने की लगातार कई घटनाएं घट चुकी हैं. लगातार बढ़ती घटनाओं के मुकाबले उपलब्ध मानव संसाधन बेहद कम साबित हो रहे हैं. इसके बावजूद मनपा प्रशासन ने अन्य विभागों की तरह अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को भी जनगणना कार्य में शामिल कर दिया है. हाल ही में एक निजी होटल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें पहले ही दिन करीब 50 कर्मचारियों ने भाग लिया.
मनपा के दमकल विभाग में कुल लगभग 150 कर्मचारी हैं, जिनमें प्रत्येक शिफ्ट में केवल 50 कर्मचारी ही तैनात रहते हैं. ऐसे में प्रशिक्षण के लिए कर्मचारियों के बाहर जाने से कई अग्निशमन केंद्रों में स्टाफ की कमी महसूस की गई. उत्तन डंपिंग ग्राउंड सहित कई संवेदनशील इलाकों में लगातार आग लगने की घटनाओं के कारण आशंका जताई जा रही है कि यदि दमकलकर्मियों को इसी तरह अन्य कार्यों में व्यस्त रखा गया, तो किसी बड़ी आपात स्थिति में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है. अतिरिक्त सचिवालय से कर्मचारियों में भी नाराजगी बढ़ रही है. इससे पहले भी सफाई अभियानों में दमकल कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है. इस पूरे मामले पर दमकल विभाग के प्रमुख प्रकाश बोराडे ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारियों को जनगणना प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है.