एंटी-नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई

भाईंदर/मीरा रोड : एमबीवीवी (मीरा-भायंदर, वसई-विरार) पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मीरा रोड के नया नगर क्षेत्र से एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 261.5 ग्राम कोकीन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 78.45 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक के निर्देशानुसार शहर को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम नया नगर क्षेत्र में विशेष गश्त कर रही थी। इसी दौरान एस.के. स्टोन से मीरा रोड रेलवे स्टेशन होते हुए पूनम सागर जाने वाली सड़क पर स्थित ईशा वाइन शॉप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 261.5 ग्राम वजन का सफेद पाउडर बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में यह कोकीन पाई गई। पुलिस के अनुसार आरोपी इस मादक पदार्थ को बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अफ्रीकी मूल का नाइजीरियाई नागरिक है। वह मूल रूप से नाइजीरिया के एनुगु क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में पालघर जिले के वसई तहसील अंतर्गत नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस उसके पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
एंटी-नारकोटिक्स सेल के एक अधिकारी ने बताया कि जोन-1 क्षेत्र में ड्रग्स की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके संपर्कों, ड्रग्स के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से एमबीवीवी पुलिस कमिश्नरेट ड्रग्स तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रहा है। रेलवे स्टेशन, वाइन शॉप, हाईवे और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में ड्रग्स तस्करी के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ।