
भाईंदर : भाईंदर पूर्व के इंद्रलोक परिसर में सार्वजनिक एवं आवासीय क्षेत्रों में कथित तौर पर नियमों के विपरीत की जा रही आवारा कुत्तों की फीडिंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. स्थानीय संजय संतोष दुबे ने मीरा-भाईंदर मनपा आयुक्त, मीरा-भाईंदर-वसई-विरार के पुलिस उपायुक्त, महापौर डिम्पल मेहता और उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल को शिकायत देकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है. नागरिकों का आरोप है कि इंद्रलोक परिसर में सड़क, फुटपाथ, सोसायटी के प्रवेशद्वार, पार्किंग क्षेत्र, बच्चों के खेलने की जगह और नागरिकों की आवाजाही वाले स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा अनियमित तरीके से आवारा कुत्तों को खाना खिलाया जा रहा है. इससे कुत्तों के झुंड जमा होने, खाद्य अवशेष एवं गंदगी फैलने तथा बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य नागरिकों की आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बन रही है. दुबे ने अपनी शिकायत में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और ऐनीमल बर्थ कंट्रोल 2023 के नियम 20 का हवाला देते हुए प्रत्येक वार्ड में निर्धारित डॉग फीडिंग स्पॉट और फीडिंग टाइम तय करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि फीडिंग स्पॉट बच्चों के खेलने के स्थान, प्रवेश-निकास, सीढ़ियों तथा बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की नियमित आवाजाही वाले क्षेत्रों से दूर होने चाहिए.