जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तार आरोपियों को ७ दिन की पुलिस रिमांड !

Spread the love

मीरा रोड : मीरा रोड के एक कथित करोड़ों रुपए के जमीन घोटाले और फर्जीवाड़े के मामले में दो मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाई कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत रद्द करने के बाद दोनों मुख्य आरोपी खेतसिंह तख्तसिंह मेडतिया और सुरेश कुमार सिद्धार्थ ने मीरा-भायंदर कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद काशीमीरा पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मामला मीरा रोड स्थित १,८१3.६२ वर्ग मीटर भूमि से जुड़ा है। आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत मूल मालिकों की जाली पावर ऑ फ अटॉर्नी बनाकर जमीन पर दावा किया और सेल-कम-डेवलपमेंट एग्रीमेंट रजिस्टर करा दिया। इस पर काशीमीरा पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, जिस पर दिसंबर २०२५ में कोर्ट ने ५०-५० हजार के मुचलके पर सशर्त जमानत दे दी थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने यह जमानत खारिज करते हुए कहा कि गहराई से जांच और मूल दस्तावेजों की बरामदगी के लिए हिरासत में पूछताछ जरूरी है। आदेश के बाद दोनों ने मीरा-भायंदर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि गुरुवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से ७ दिन की पुलिस कस्टडी मिली है। पुलिस का कहना है कि इस दौरान सभी सबूतों की गहराई से जांच कर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button