मीरा-भाईंदर : भाईंदर पश्चिम में मेट्रो कारशेड के लिए प्रस्तावित और अब रद्द किए गए करीब 100 एकड़ सरकारी भूखंड पर इंडस्ट्रियल जोन विकसित करने की मांग सरकार से की जाएगी. मीरा-भाईंदर स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के 34वें वार्षिक सम्मेलन में विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा कि पहले भूखंड का निरीक्षण कर उसकी स्थिति देखी जाएगी कि जमीन समतल है या ऊबड़-खाबड़. इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास में विश्वास करती है और प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की उम्मीद है. मेहता ने कहा कि सेस, ऑक्ट्रॉय और एलबीटी के कारण मीरा-भाईंदर से कई उद्योग दूसरे क्षेत्रों में चले गए. हमारी सरकार आते ही एलबीटी को रद्द कर दिया. अब स्थानांतरित उद्योगों को वापस लाने के प्रयास करें. उन्होंने उद्यमियों से उनकी समस्याएं लिखित रूप में देने और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगने वाली जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
पुराने कारखानों में जलभराव का मुद्दा
कांग्रेस नगरसेवक अनिल सावंत और एसोसिएशन अध्यक्ष मो. उमर कपूर (पप्पू) ने ग्राम पंचायत काल में बने कारखानों की ऊंचाई सड़क से कम हो जाने का मुद्दा उठाया. बारिश में पानी भरने से होने वाले आर्थिक नुकसान को देखते हुए पुराने कारखानों की ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति के लिए मनपा स्तर पर नीति बनाने की मांग की गई. मेहता ने कहा कि नीति बनाने का अधिकार राज्य सरकार और अनुमति देने का अधिकार मनपा आयुक्त के पास है. व्यक्तिगत मामलों में उन्होंने उद्यमियों को सहयोग का आश्वासन दिया. सम्मेलन में ठाकुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन विनीत कुमार जयप्रकाश डोंगरे ने नई तकनीक अपनाने और आपसी सहयोग से कारोबार बढ़ाने पर जोर दिया. अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के मार्केटिंग हेड संतोष नारखेडे ने सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ाने की अपील की. सम्मेलन में महासचिव शिल्पेश शाह, कोषाध्यक्ष रमेश आसर आदि ने योगदान दिया.