मनपा के शिक्षा विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली का खामियाजा भुगत रहे ९ हजार विद्यार्थी टेंडर मंजूर, फिर भी 3५ स्कूलों के बच्चों तक नहीं पहुंची स्टील की बोतलें
मीरा-भायंदर। भाजपा शासित मीरा-भायंदर मनपा के शिक्षा विभाग में प्रशासनिक लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली का खामियाजा एक बार फिर मासूम स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। चालू शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में जहां मनपा स्कूलों के छात्रों को बिना यूनिफॉर्म, जूते और अन्य जरूरी सामग्री के स्कूल जाना पड़ा था, वहीं लंबी जद्दोजहद के बाद उन्हें कपड़े और जूते तो नसीब हो गए, लेकिन अब नया सत्र शुरू हुए करीब ५ महीने का समय बीत जाने के बाद भी छात्र वॉटर बोतल (पानी की बोतल) का इंतजार कर रहे हैं।
एक तरफ जहां जून महीने में मनपा प्रशासन की लापरवाही के कारण बच्चों को पुरानी ड्रेस पहनकर स्कूल जाना पड़ा था, वहीं दूसरी तरफ वॉटर बोतल की खरीद को लेकर कागजी प्रक्रिया महीनों से रेंग रही है। प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, प्रशासन द्वारा मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों को स्टेनलेस स्टील की वॉटर बोतल सप्लाई करने के लिए ई-टेंडरिंग माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की गई थी। इसमें ‘नवकार यूनिफॉर्म’ नामक संस्था की २०५ रुपए प्रति नग की सबसे कम दर को टेंडर समिति और मनपा आयुक्त द्वारा मंजूरी भी दे दी गई थी। इसके बावजूद, शैक्षणिक सत्र आधा बीत जाने पर भी बच्चों के हाथों तक ये बोतलें नहीं पहुंच सकी हैं। स्कूल की शुरुआत में शिक्षा अधिकारियों ने टेंडर प्रक्रिया में देरी के पीछे विधान परिषद चुनावों की आचार संहिता का बहाना बनाया था, लेकिन अब चुनाव बीते और नया सत्र शुरू हुए ५ महीने हो चुके हैं, फिर भी वॉटर बोतल की सप्लाई न होना अधिकारियों की नीयत पर सवाल खड़े करता है।
विपक्ष और अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन केवल बड़े-बड़े दावों और फोटो सेशन में व्यस्त रहता है, जबकि जमीनी स्तर पर बच्चों को स्वच्छ पानी पीने के लिए घर से पुरानी बोतलें लानी पड़ रही हैं। ज्ञात हो कि मनपा के तहत चलने वाले 3५ स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले लगभग ९,००० छात्र आज भी प्रशासन की इस कछुआ चाल के कारण अपने हक की वॉटर बोतल मिलने की राह देख रहे हैं। अब देखना यह होगा कि मनपा प्रशासन इस गहरी नींद से कब जागता है और ठेकेदार को काम पूरा करने का अंतिम आदेश कब जारी होता है।