ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर महिला से 1.69 लाख की ठगी

Spread the love

भाईंदर : ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने मीरा रोड की 45 वर्षीय महिला को अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने महिला को ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाकर उससे संपर्क साधा और निवेश के नाम पर कुल 1 लाख 69 हजार 728 रुपये जमा करवा लिए। हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी महिला को न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश की रकम वापस मिली। मिली जानकारी के अनुसार, भायंदर पूर्व के बविता कॉर्नर इलाके में फिटनेस स्टूडियो चलाने वाली बबीता कोर सोहल (45) से एक व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का आश्वासन दिया। आरोपी के झांसे में आकर महिला ने एक वेबसाइट पर पंजीकरण कराया और बताए गए बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों में 1 लाख 69 हजार 728 रुपये जमा कर दिए। इसके बावजूद उन्हें न तो कोई लाभ मिला और न ही मूल रकम वापस की गई। ठगी का एहसास होने पर महिला ने मीरा रोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मीरा रोड पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मेघना बराई के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर भरोसा कर पैसे जमा नहीं करने की अपील कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button