बच्चों व किशोरों को दी जाएगी कृमिनाशक दवा

Spread the love

भाईंदर : मीरा-भाईंदर मनपा के स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस के तहत 27 अक्टूबर से कृमिनाशक अभियान चलाया जा रहा है. 3 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान अंतर्गत मनपा क्षेत्र के 1 से 19 वर्ष तक के पात्र बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की गोलियां दी जाएंगी. 3 नवंबर को छूटे हुए लाभार्थियों के लिए विशेष मॉप-अप अभियान आयोजित होगा. यह अभियान सभी स्कूलों, महाविद्यालयों, मदरसों और आंगनवाड़ी केंद्रों में चलाया जाएगा. स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण विभाग संयुक्त रूप से इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे. आयुक्त राधाबिनोद शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित समन्वय समिति की बैठक में अभियान की तैयारियों, दवाओं की उपलब्धता, जन जागरूकता और विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई.

कृमि संक्रमण से बच्चों के विकास पर असर

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, भारत में 1 से 19 वर्ष की आयु के लगभग 24.1 करोड़ बच्चे (68 प्रतिशत) मिट्टी से फैलने वाले आंतों के कृमियों से प्रभावित हैं. दुनियाभर में भी करीब 28 प्रतिशत बच्चे इस संक्रमण के खतरे में हैं. व्यक्तिगत और पर्यावरणीय स्वच्छता की कमी इसका प्रमुख कारण है. कृमि संक्रमण से बच्चों में खून की कमी, कुपोषण, शारीरिक विकास में बाधा और सीखने की क्षमता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है. ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास को बेहतर बनाने के लिए नियमित कृमिनाशक दवा देना महत्वपूर्ण है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button