बढ़ती लागत से संकट में मछली निर्यात उद्योग; मछुआरों को सस्ता डीजल

Spread the love

भाईंदर. महाराष्ट्र के मछुआरों और मछली निर्यात उद्योग को राहत देने के लिए मछुआरा सहकारी संस्थाओं को खुदरा दर पर डीजल, बर्फ फैक्ट्रियों को बिजली बिल में छूट और निर्यातकों को विशेष प्रोत्साहन देने की मांग की गई है. पूर्व नगरसेवक बर्नार्ड डिमेलो ने उद्योग मंत्री उदय सामंत को पत्र लिखकर इस संबंध में तत्काल निर्णय लेने की अपील की है. डिमेलो के अनुसार, थोक उपभोक्ता श्रेणी में डीजल मिलने से मछुआरा सहकारी संस्थाओं को कई जगह खुदरा दर से 35 से 40 रुपए प्रति लीटर अधिक चुकाने पड़ रहे हैं. वहीं, अधिक बिजली दरों से बर्फ फैक्ट्रियों की लागत बढ़ रही है. उन्होंने बर्फ फैक्ट्रियों को बिजली में रियायत या सब्सिडी देने की मांग की है. उन्होंने महाराष्ट्र के मछली निर्यातकों के लिए प्रसंस्करण और कोल्ड स्टोरेज पर सब्सिडी, आधुनिक तकनीक के लिए आर्थिक सहायता तथा निर्यात प्रोत्साहन योजनाएं लागू करने का सुझाव भी दिया. इसके लिए गुजरात, गोवा, कर्नाटक और तमिलनाडु की योजनाओं का अध्ययन करने की अपील की गई है. डिमेलो ने उद्योग मंत्री की अध्यक्षता में मत्स्य पालन एवं उद्योग विभाग, बिजली वितरण कंपनी, एमपीईडीए, मछुआरा सहकारी संस्थाओं और निर्यातकों की संयुक्त बैठक बुलाकर ठोस नीतिगत निर्णय लेने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button