विकासक के भरोसे इंतजार से मिलेगी राहत

Spread the love

सोसायटियों को खुद पुनर्विकास पर जोर

मीरा-भायंदर : शहर की 30 वर्ष से अधिक पुरानी इमारतों के पुनर्विकास को गति देने के लिए स्व-पुनर्विकास को बढ़ावा देने की पहल शुरू की गई है. इसी उद्देश्य से विधायक नरेंद्र मेहता की पहल पर रविवार को मीरा रोड पूर्व स्थित एस.के. स्टोन डोम में विशेष मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया. इसमें बड़ी संख्या में आवासीय सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए.  

विकासकों के विवाद और देरी से बढ़ रही परेशानी

विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में पुरानी इमारतें हैं, जिन्हें अब पुनर्विकास की जरूरत है. विकासकों के साथ विवाद, पुनर्विकास प्रक्रिया में देरी और धोखाधड़ी की शिकायतों के कारण नागरिकों को वर्षों तक परेशानी उठानी पड़ती है. कई परिवारों को लंबे समय तक अपने घरों से दूर रहना पड़ता है. ऐसे में आवासीय संस्थाओं को स्वयं पुनर्विकास की पहल करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जो संस्थाएं स्व-पुनर्विकास के लिए आगे आएंगी, उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.  

अनुमति से लेकर बैंक ऋण तक समझाई प्रक्रिया

शिविर में विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सोसायटियों को स्व-पुनर्विकास की पूरी प्रक्रिया समझाई. इसमें सरकारी अनुमति, नगर नियोजन की मंजूरी, आर्थिक नियोजन, बैंक से ऋण सुविधा, कानूनी प्रक्रिया और पुनर्विकास के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई. स्व-पुनर्विकास में इमारत के पुनर्निर्माण का नियंत्रण संबंधित आवासीय संस्था के पास रहता है. इससे विकासक पर निर्भरता कम होती है और संस्था अपने सदस्यों के हित में पुनर्विकास की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ा सकती है. इसके अलावा, नियमानुसार निवासियों को वर्तमान घर के क्षेत्रफल से अधिक जगह मिलने का लाभ भी मिल सकता है.  

शिविर में उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप जैन, अतिरिक्त तहसीलदार नीलेश गौंड, उपनिबंधक दुधाने, मनपा नगर रचना विभाग के सहायक संचालक पुरुषोत्तम शिंदे, मुंबई जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के सहायक प्रबंधक के.ए. पोटे तथा म्हाडा अधिकारी रोजेकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button