विश्व मैंग्रोव दिवस पर मीरा-भायंदर में 750 किलो कचरा हटाया

Spread the love

निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर युवाओं की पुलिस से शांतिपूर्ण अपील

मीरा-भायंदरः विश्व मैंग्रोव दिवस के अवसर पर शनिवार को भायंदर (पूर्व) के जैसल पार्क खाड़ी क्षेत्र में फॉर फ्यूचर इंडिया, मैंग्रोव फाउंडेशन और महाराष्ट्र वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशाल मैंग्रोव सफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान में 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लेकर मैंग्रोव क्षेत्र से लगभग 750 किलोग्राम कचरा हटाया।

इस अभियान में पाटकर कॉलेज, एलआरएमसी कॉलेज और रॉयल कॉलेज की एनएसएस इकाइयों के विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। मीरा भायंदर महानगरपालिका के स्वच्छता विभाग ने भी अभियान में सहयोग किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने मैंग्रोव के संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन नियंत्रण और तटीय सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जानकारी दी।

सफाई अभियान के बाद युवाओं ने मैंग्रोव विनाश से जुड़े मामलों की जांच में कथित प्रक्रियागत त्रुटियों और पारदर्शिता को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि कुछ मामलों में मुख्य आरोपियों को जांच से बाहर रखने तथा कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण पालन न होने को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पर्यावरणीय अपराधों की निष्पक्ष, पारदर्शी और कानूनसम्मत जांच की मांग की।

फॉर फ्यूचर इंडिया के संस्थापक एवं अध्यक्ष हर्षद ढगे ने कहा, ‘हमारी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है। हमारा उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि पर्यावरणीय अपराधों में दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई हो। यही पर्यावरण न्याय की बुनियाद है।’ युवाओं ने पुलिस प्रशासन से वर्ष 2005 से 2025 के बीच पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के तहत दर्ज 200 से अधिक मामलों का विशेष ऑडिट और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विरोध नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जांच प्रक्रिया में जनविश्वास बनाए रखने के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण पहल है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button