वृक्षों की छंटाई, पुनर्रोपण पर भी लगेगा शुल्क

Spread the love

मीरा-भाईंदर में अब वृक्षों पर कुल्हाड़ी चलाना आसान नहीं

मीरा भाईंदर. मीरा भाईंदर में अब वृक्षों पर कुल्हाड़ी चलाना आसान नहीं होगा. वृक्षों की कटाई, छंटाई और पुनर्रोपण के लिए मनपा ने नई दरें तय कर दी हैं. शुक्रवार को हुई आमसभा में भाजपा ने वृक्ष संरक्षण की नई नीति को बहुमत से मंजूर कर लिया गया. इसके तहत पौधारोपण की अनिवार्यता के साथ सुरक्षा जमा, वृक्ष निधि और निरीक्षण शुल्क भी वसूला जाएगा. प्रस्ताव पर सदन में कांग्रेस ने आपत्ति जताई.

पेड़ काटने के बदले पौधा लगाना अनिवार्य

नगरसेवक अनिल सावंत ने प्रस्ताव का गोषवारा उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए इसके विरोध में दूसरा प्रस्ताव पेश किया. एक ही विषय पर दो प्रस्ताव आने से मतदान कराया गया, जिसमें भाजपा का प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ. आवासीय परिसरों में एक पेड़ काटने पर 6 फीट ऊंचा भारतीय प्रजाति का पौधा लगाना होगा. जगह नहीं होने पर प्रति पेड़ 1,500 रुपये नॉन रिफंडेबल वृक्ष निधि जमा करनी होगी. पुनर्रोपण के लिए भी 6 फीट ऊंचा पौधा लगाना अनिवार्य है. इसके लिए 5,000 रुपये सुरक्षा जमा देनी होगी. पौधे की तीन साल तक हर छह महीने में स्थिति रिपोर्ट देनी होगी. पौधा स्वस्थ रहने पर जमा राशि वापस मिलेगी. विकास कार्यों में पेड़ काटने के बदले 6 फीट ऊंचा भारतीय प्रजाति का पौधा लगाना होगा. इसके लिए प्रति पेड़ 10,000 रुपये सुरक्षा जमा निर्धारित की गई है.

वृक्ष निधि तय की गई

जगह उपलब्ध नहीं होने पर 25,000 रुपये प्रति पेड़ नॉन रिफंडेबल वृक्ष निधि देनी होगी. पुनर्रोपण के मामले में 6 से 8 फीट ऊंचा पौधा लगाना होगा. इसके लिए भी 10,000 रुपये सुरक्षा जमा और जगह नहीं होने पर 25,000 रुपये वृक्ष निधि तय की गई है.

छंटाई करने पर भी प्रति पेड़ 1,000 रुपये वृक्ष निधि देना होगा

निजी परिसरों में अनुमति लेकर पेड़ों की छंटाई करने पर प्रति पेड़ 1,000 रुपये वृक्ष निधि देनी होगी. छंटाई के बाद निकली शाखाएं हटाने के लिए सोसायटी या नागरिकों से 500 रुपये प्रति पेड़ वसूले जाएंगे. मनपा कर्मचारियों द्वारा खतरनाक पेड़ जड़ सहित हटाने का शुल्क ऊंचाई और परिधि के आधार पर तय किया गया है.

20 फीट तक ऊंचाई और 1 फीट तक परिधि: 2,400 रुपये

20 से 35 फीट ऊंचाई और 1 से 2.50 फीट परिधिः 5,400 रुपये

35 से 50 फीट या अधिक ऊंचाई और 2.50 फीट से अधिक परिधि: 11,200 रुपये

निरीक्षण के भी देने होंगे पैसे

पेड़ काटने, पुनर्रोपण और छंटाई के निरीक्षण के लिए प्रति पेड़ 300 रुपये शुल्क देना होगा. नई नीति के जरिए मनपा ने पेड़ों की कटाई और छंटाई पर आर्थिक नियंत्रण लगाने के साथ पौधारोपण की जिम्मेदारी भी नागरिकों और विकासकों पर तय कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button