
सन संवाददाता
मीरा रोड । पेनकर पाड़ा में बारिश का पानी घर में घुसने को लेकर पारिवारिक विवाद में कोयता निकालने का वीडियो वायरल हुआ। शिकायत न मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
पेनकर पाड़ा इलाके में भारी बारिश के दौरान घर में पानी घुसने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद कोयता निकलने तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग उठने लगी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामला दो परिवारों के बीच का घरेलू विवाद है और किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
विवाद का वीडियो हुआ वायरल
लगातार हो रही बारिश से बचाव के लिए एक परिवार अपने घर की छत और दीवारों पर प्लास्टिक लगा रहा था। इसी दौरान प्लास्टिक से बहता बारिश का पानी पड़ोसी के घर की ओर जाने लगा, जिससे दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने प्लास्टिक काटने के उद्देश्य से कोयता हाथ में उठा लिया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद इसे हमला और हिंसा की घटना बताकर प्रसारित किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि मामला दो परिवारों के बीच का घरेलू विवाद था। पुलिस के अनुसार, कोयता प्लास्टिक काटने के लिए उठाया गया था और किसी पर हमला नहीं किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अपुष्ट वीडियो और भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।
शिकायत नहीं, समझौते के बाद मामला हुआ शांत
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद करने वाले दोनों पक्ष एक ही परिवार के सदस्य हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को पुलिस स्टेशन बुलाकर पूछताछ की और आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझा लिया। किसी भी पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस ने इस मामले में कोई एफआईआर या अन्य कानूनी कार्रवाई दर्ज नहीं की।