सड़कों की बदहाली पर प्रशासन और विपक्ष दोनों कटघरे में

Spread the love

काशीमीरा से घोडबंदर तक 12 किमी जाम

मीरा-भाईंदर, (सं.) मानसून के बीच मीरा-भाईंदर और ठाणे-घोडबंदर मार्ग की बदहाल सड़कों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग, ठाणे-घोडबंदर रोड और शहर की आंतरिक सड़कों पर गहरे गड्डों के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई है. सोमवार को नायगांव पूर्व स्थित सनसिटी होटल से घोडबंदर के फाउंटेन होटल तक करीब 10 से 12 किलोमीटर लंबा भीषण ट्रैफिक जाम लग गया. सामान्यतः 20 मिनट में पूरा होने वाला सफर लोगों को 2 से 3 घंटे में तय करना पड़ा. गड्डों, भारी वाहनों के दबाव और लगातार खराब होती सड़कों के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई है. मीरा-भाईंदर मुख्य मार्ग, मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग और ठाणे-घोडबंदर रोड पर हालात सबसे अधिक गंभीर बताए जा रहे हैं. जगह-जगह बने गहरे गड्डों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, वहीं रोजाना हजारों वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नागरिकों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी निरीक्षण और समीक्षा बैठकों तक ही सीमित हैं, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही. यातायात व्यवस्था प्रभावित दूसरी ओर, मनपा प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भी सड़कों के क्षतिग्रस्त होने का एक कारण हैं, हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि खराब निर्माण गुणवत्ता और समय पर मरम्मत नहीं होने से स्थिति और बिगड़ी है. मनपा ने करोड़ों रुपये खर्च कर कुछ प्रमुख सड़कों का कंक्रीटीकरण कराया है, लेकिन धनाभाव के चलते अधिकांश डामर सड़कें अब भी बदहाल हैं. इस वर्ष मानसून शुरू होने के कुछ ही दिनों में कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. वाहन चालकों का आरोप है कि मनपा, एमएमआरडीए और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कई स्थानों पर केवल औपचारिक पैचवर्क कर रहे हैं. बारिश की तीव्रता कम होने के बावजूद स्थायी मरम्मत कार्य अपेक्षित गति से शुरू नहीं हो पाया है. गड्डों की समस्या को लेकर अब सत्ताधारी और विपक्ष दोनों सवालों के घेरे में हैं. नागरिकों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हो रही, जबकि विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन करने वाले विपक्षी दल भी इस गंभीर समस्या पर अपेक्षित आक्रामकता नहीं दिखा रहे हैं. मनपा प्रशासन, एमएमआरडीए और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को युद्धस्तर पर स्थायी मरम्मत कार्य शुरू कर सड़कें सुरक्षित एवं गड्ढामुक्त बनाने तथा सुगम यातायात सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है -सज्जी आई. पी, सामाजिक कार्यकर्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button