MBMC करेगी अब घोड़बंदर रोड की मरम्मत

भाईंदर : घोड़बंदर रोड पर गायमुख से फाउंटेन होटल तक जर्जर सड़क और लगातार हो रहे हादसों को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने मीरा भाईंदर मनपा (एमबीएमसी) को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं. नगर विकास विभाग ने 30 जुलाई को इस संबंध में मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा को आदेश जारी किया है. 28 जुलाई को परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट किया गया कि गायमुख से फाउंटेन तक का सड़क मार्ग लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मनपा को हस्तांतरित किया जा चुका है.
इसलिए इस सड़क के रखरखाव और मरम्मत की पूरी जिम्मेदारी अब मीरा भाईंदर मनपा की होगी. सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल सड़क मरम्मत के लिए अलग से कोई आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना संभव नहीं है और मनपा को चालू वित्तीय वर्ष की स्वीकृत निविदा एवं उपलब्ध निधि से ही तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करना होगा.
MMRDA करेगा सड़क चौड़ीकरण का कार्य
बैठक में यह भी तय किया गया कि गायमुख से फाउंटेन तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) करेगा, जबकि इसके लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की जिम्मेदारी मीरा भाईंदर मनपा निभाएगा. चौड़ीकरण से जुड़ी आवश्यक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं. परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को सड़क की बदहाल स्थिति के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की देरी न करने के निर्देश दिए.
सड़कों के गड्डों के विरोध में सांकेतिक रूप से चंदा जुटाएंगे नागरिक
इस बीच शुक्रवार (31 जुलाई) की सुबह करीब 10 बजे एन एच-48 पर गायमुख, काजूपाड़ा, कार्पे कंपाउंड और वर्सोवा क्षेत्र में बड़े गड्डों के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई और ट्रैफिक रेंगता रहा. स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने निजी जेसीबी और डंपर की मदद से मौके पर ही गड्ढे भरने का काम शुरू कराया, जिसके कारण यातायात धीमी गति से चलता रहा. ऐसी जानकारी काशीमीरा ट्रैफिक शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सतीश शिवरकर ने दी. शहर की जर्जर सड़कों और गड्डों की समस्या के विरोध में सोमवार को समाजसेवी सज्जी आई पी और एडविन गोंसालविस द्वारा एक अनोखी सामाजिक पहल की जाएगी. इस अभियान के तहत लोगों से सांकेतिक रूप से चंदा (धनराशि) एकत्र किया जाएगा. अभियान का उद्देश्य सड़कों की बदहाल स्थिति की ओर मीरा भाईंदर महानगरपालिका (एमबीएमसी) प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है. नागरिकों से एकत्र की गई पूरी राशि के साथ एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा जाएगा.