बुलडोजर का बिल कौन भरेगा

भाईंदर : मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने अतिक्रमण, अवैध निर्माण और अति-खतरनाक इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए करीब 9 करोड़ रुपए का ई-टेंडर जारी किया है. 3 साल तक चलने वाली इस व्यवस्था के तहत मनपा भारी मशीनरी, वाहन, चालक और ऑपरेटर किराए पर लेगी. हालांकि, सवाल यह है कि तोड़क कार्रवाई पर करोड़ों रुपए खर्च करने वाली मनपा अवैध निर्माणकर्ताओं से कार्रवाई का खर्च वसूलने के मामले में कितनी गंभीर है? पूर्व में की गई तोड़क कार्रवाई के डेमोलिशन बिल जारी करने और उनकी वसूली को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से मनपा के राजस्व की क्षति हो रही है. आर्थिक दबाव से जूझ रही मनपा के लिए एक तरफ मशीनरी किराए का खर्च बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ कार्रवाई का खर्च संबंधित अवैध निर्माणकर्ताओं से वसूल नहीं होने पर दोहरा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
किराए पर लिए जाएंगे ट्रेलर
मनपा के अतिक्रमण एवं अनधिकृत निर्माण उन्मूलन विभाग ने कार्रवाई के लिए 24 प्रकार की मशीनरी और वाहन उपलब्ध कराने हेतु निविदाएं आमंत्रित की हैं. ठेकेदार को प्रतिदिन 8 घंटे के आधार पर मशीनरी के साथ आवश्यक चालक और ऑपरेटर उपलब्ध कराने होंगे. बहुमंजिला इमारतों को गिराने के लिए हाई-रीच जॉ क्रशर मशीन, 300 लॉन्ग-बूम पोकलेन ब्रेकर, जेसीबी 3 डीएक्स, 50 टन क्रेन, 12 टन हाइड्रा और 16 टन फराना जैसी भारी मशीनरी शामिल है. इसके अलावा आरसीसी स्लैब कटर, गैस कटर, ट्रैक्टर ब्रेकर, पिकअप, टेंपो, ट्रक, हाइवा डंपर, टोइंग वैन, ट्रैक्टर-ट्रॉली, 50 केवीए जनरेटर और ट्रेलर भी किराए पर लिए जाएंगे.