मेयर और प्रशासन पर साधा निशाना

Spread the love

मीरा- भाईंदर में गड्डों पर ‘शिवसेना स्टाइल’ प्रदर्शन

भाईंदर मीरा भाईंदर शहर में सड़कों की बदहाल स्थिति, फाउंटेन होटल से गायमुख तथा ठाणे-घोड़बंदर रोड पर बने बड़े-बड़े गड्डों के विरोध में गुरुवार को शिवसेना ने काशीगांव मेट्रो स्टेशन से आक्रामक प्रदर्शन किया. जिला प्रमुख राजू भोईर के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में शिवसैनिक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए, जिसमें जिला संगठक निशा नार्वेकर, विधानसभा प्रमुख विक्रम प्रताप सिंह, नवीन सिंह, संदीप तिवारी, दीप काकड़े, मनोज राणे, संतोष गोले, रामभवन शर्मा, सुनील केसरी, प्रीति पाटिल, मुस्तफा वनारा, पूर्व नगरसेविका, नगरसेवकों का समावेश था. शिवसैनिकों ने सड़क पर उतरकर प्रतीकात्मक रूप से गड्ढे भरते हुए नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. शिवसेना ने आरोप लगाया कि मनपा में भाजपा की सत्ता के दौरान मेयर द्वारा घोड़बंदर रोड की मरम्मत नहीं कराने संबंधी पत्र दिए जाने के कारण लाखों नागरिकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है.

नहीं की गई प्रभावी कार्रवाई

मेयर की कार्यशैली को गैर-जिम्मेदार बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की. प्रदर्शन के दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस और ट्रैफिक विभाग की बैठक में सड़क के गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन मनपा प्रशासन ने इस पर अमल नहीं किया. उनका आरोप है कि 48 घंटे का अल्टीमेटम देने के बावजूद प्रशासन ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है. शिवसेना ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जानलेवा गड्डों की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. मेयर, मनपा आयुक्त और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की भी मांग उन्होंने की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button