
भाईंदर । मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत नवघर पुलिस ने भायंदर पूर्व में चल रहे कथित देहव्यापार रैकेट का पर्दाफाश कर एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है, जबकि उसकी दूसरी साथी फरार है। पुलिस ने मौके से दो युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि धर्म कांटा-फाटक रोड स्थित एक होटल की पहली मंजिल पर युवतियों को ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त सोहेल शेख के मार्गदर्शन में नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद यादव एवं उनकी टीम ने नकली ग्राहक के जरिए जाल बिछाकर छापेमारी की और एक महिला एजेंट को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवतियों को फोटोशूट, मॉडलिंग और बंगाली टीवी धारावाहिकों में काम दिलाने का झांसा देकर ग्राहकों के सामने पेश किया जाता था। पुलिस को इस नेटवर्क के मुंबई, ठाणे, मीरा-भायंदर, लोनावाला और गोवा तक फैले होने का संदेह है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, नकदी और आपत्तिजनक सामग्री जब्त कि हैं। फरार महिला एजेंट की तलाश जारी है। पुलिस ने पीटा एक्ट सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुक्त कराई गई दोनों युवतियों को सुरक्षित महिला सुधारगृह भेजा गया है।