ठगी करने वाली निजी संस्थाओं पर दर्ज होंगे मामले
मुंबई,: एसटी में जल्द ही करीब 13,980 चालक और तकनीकी कर्मचारियों की ठेका के आधार पर भर्ती की जाएगी. इस भर्ती प्रक्रिया के नाम पर बेरोजगार युवाओं से पैसे ऐंठने वाली निजी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. परिवहन मंत्री व एसटी प्रताप सरनाईक ने ऐसी महामंडल के अध्यक्ष संस्थाओं की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज करने के निर्देश भी दे दिए हैं. एसटी महामंडल के नाम का दुरुपयोग कर कुछ निजी संस्थाएं जरूरतमंद और बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा दे रही हैं. शिकायतें मिली हैं कि ये संस्थाएं नौकरी का लालच देकर युवाओं से अवैध रूप से पैसे वसूल रही हैं. नौकरी की उम्मीद में इन पर भरोसा करने वाले युवाओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. ऐसे मामलों से महामंडल की छवि भी खराब हो रही है. परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुसार होनी चाहिए. बाहरी एजेंसी के माध्यम से होने वाली उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया महामंडल द्वारा तय पात्रता मानदंडों के आधार पर ही पूरी की जाए. साथ ही किसी भी उम्मीदवार के साथ धोखाधड़ी न हो, इसकी जिम्मेदारी एसटी प्रशासन सुनिश्चित करे.
सुरक्षा व सतर्कता विभाग करेगा जांच
मंत्री सरनाईक ने एसटी महामंडल के नाम पर चल रहे अवैध गतिविधियों की सुरक्षा व सतर्कता विभाग के माध्यम से गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं. नौकरी के नाम पर उम्मीदवारों को ठगने वाली निजी संस्थाओं और उनसे जुड़े लोगों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की गलत गतिविधियों के कारण एसटी महामंडल की जनता के बीच विश्वसनीयता प्रभावित होना गंभीर मामला है. बेरोजगार युवाओं की उम्मीदों और भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर रोक लगाना बेहद जरूरी है.
उम्मीदवारों के हितों की सुरक्षा को प्राथमिकता
मंत्री सरनाईक ने चेतावनी दी है कि भर्ती के नाम पर बेरोजगार युवाओं से आर्थिक लूट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के साथ उम्मीदवारों के हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.