मीरा भाईंदर, : मीरा भाईंदर शहर के महासभा में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चली आम बैठक में स्वास्थ्य, पर्यावरण, जलापूर्ति, आवास और विकास से जुड़े नौ प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इनमें कैंसर अस्पताल के निर्माण खर्च को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति, बिना अधिभोग प्रमाणपत्र (ओसी) वाले भवनों के लिए अभय योजना, पुराने भवनों के स्व-पुनर्विकास को राहत और शहर में पशु चिकित्सालय व डॉग शेल्टर बनाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं. इसके अलावा, संपत्तियों के विशेष सर्वेक्षण से मनपा का राजस्व बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए आईओटी आधारित स्मार्ट तकनीक लागू करने का भी रास्ता साफ हुआ है.
बिना अधिभोग प्रमाणपत्र (ओसी) वाले भवनों के लिए अभय योजना लागू करने को मंजूरी दी गई. इसके माध्यम से ऐसे भवनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ओसी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. इसके साथ ही पुराने भवनों का स्व-पुनर्विकास करने वाले आवासीय परिसरों को विभिन्न शुल्कों में रियायत देने का निर्णय लिया गया. इस फैसले से वर्षों से ओसी की समस्या झेल रहे भवनों और पुनर्विकास की राह देख रही सोसायटियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
मनपा क्षेत्र की उन संपत्तियों का सर्वेक्षण करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया, जो अब तक महानगरपालिका के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं या जिन पर संपत्ति कर नहीं लगाया गया है. इसमें नई, विस्तारित और पुरानी सभी प्रकार की संपत्तियां शामिल होंगी. इसके लिए 31 दिसंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. सर्वेक्षण के बाद पात्र संपत्तियों को कर के दायरे में लाया जाएगा. इससे मनपा के राजस्व में वृद्धि होने की संभावना है. बढ़ी हुई आय का इस्तेमाल सड़क, जलापूर्ति और अन्य बुनियादी विकास कार्यों के लिए किया जा सकेगा. मीरा-भाईंदर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अलग पशु चिकित्सालय स्थापित करने को मंजूरी दी गई. यहां पालतू जानवरों के साथ आवारा कुत्तों, घायल पशुओं और पक्षियों को भी उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा.