भाईंदर में शेयर रिक्शा का किराया 25% बढ़ा

भाईंदर : भाईंदर पश्चिम रेलवे स्टेशन परिसर से चलने वाले शेयर ऑटो रिक्शा का किराया 25% बढ़ा दिया गया है. रिक्शा चालक संघ ने विभिन्न स्टॉप पर नए किराये के बोर्ड लगा दिए हैं, जिससे पहले 12 रुपये में मिलने वाला सफर अब 15 रुपये का हो गया है. मीरा भाईंदर में 15 हजार से अधिक ऑटो रिक्शा चलते हैं. भाईंदर पश्चिम में आरटीओ द्वारा निर्धारित रूटों पर शेयर रिक्शा सेवा संचालित होती है. चार साल बाद यानी दिसंबर 2022 के बाद यह पहली बार किराया बढ़ाया गया है. इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. पूर्व नगरसेवक ओमप्रकाश अग्रवाल ने इस बढ़ोतरी पर आपत्ति जताई है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही रिक्शा में परिवार के तीन सदस्य बैठने पर भी चालकों द्वारा मीटर के बजाय प्रति व्यक्ति अलग-अलग किराया वसूला जा रहा है.