टैक्स के दायरे में आएंगे सभी अवैध व अतिरिक्त निर्माण

Spread the love

एमबीएमसी कराएगी अब 29 करोड का सर्वे

भाईंदर : मीरा भाईंदर मनपा ने अपनी आय बढ़ाने और टैक्स चोरी पर लगाम लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब तक प्रॉपर्टी टैक्स के दायरे से बाहर रहे सभी इमारतों और संपत्तियों के अतिरिक्त निर्माण को टैक्स के दायरे में लाया जाएगा. इसके लिए संबंधित संपत्ति मालिकों को 31 मार्च 2027 तक कर विभाग में आवेदन करने का अवसर दिया गया है. 1 अप्रैल 2027 से ऐसी संपत्तियों पर नियमानुसार टैक्स लगाया जाएगा. मनपा की स्थगित आमसभा में भाजपा नगरसेविका ज्योत्सना हसनाले ने इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया, जिसे बहुमत से मंजूरी मिल गई. शहर में बड़ी संख्या में ऐसे नए निर्माण हैं, जिनका संपत्ति कर निर्धारण नहीं हुआ है. वहीं, कई पुरानी संपत्तियों में अतिरिक्त निर्माण और विस्तार किए जाने के बावजूद उनका बढ़ा हुआ टैक्स नहीं लगाया जा रहा है. इससे मनपा को राजस्व का नुकसान हो रहा है.

29 करोड़ के सर्वे ठेके पर कांग्रेस का विरोध

इन संपत्तियों की पहचान के लिए ठेकेदार नियुक्त करने का प्रस्ताव भी सदन में चर्चा का विषय बना. कांग्रेस नगरसेवक अनिल सावंत ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पहले नियुक्त ठेकेदार ने कुछ अतिरिक्त संपत्तियों का खुलासा नहीं किया और संपत्ति मालिकों के साथ मिलीभगत कर वित्तीय समझौते किए. उन्होंने कहा कि जब पहले से सर्वे का ठेका दिया जा चुका है, तो नए ठेकेदार की नियुक्ति पर 29 करोड़ रुपये खर्च करना मनपा के लिए आर्थिक नुकसानदायक होगा.

कर्मचारियों की कमी का दिया हवाला

वहीं, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल ने ठेकेदार की नियुक्ति का समर्थन करते हुए कहा कि मनपा में कर्मचारियों की कमी के कारण इतने बड़े पैमाने पर संपत्तियों का सर्वे समय पर पूरा करना मुश्किल है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदार को अलग से कोई निश्चित राशि नहीं दी जाएगी, बल्कि उसके द्वारा खोजी गई संपत्तियों के मूल्यांकित कर योग्य मूल्य का लगभग 10 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा. ठेकेदार की नियुक्ति के विरोध में कांग्रेस की ओर से प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद महापौर डिंपल मेहता ने नगर सचिव दिनेश कांगुडे को ज्योत्सना हसनाले के प्रस्ताव पर भी मतदान कराने का निर्देश दिया. मतदान में हसनाले का प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button