अभियान में सबकी भागीदारी जरूरी : लोढ़ा
मुंबई : ‘नशा मुक्त मुंबई’ अभियान गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुभारंभ करेंगे. यह सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी को बढ़ते ड्रग्स की लत से बचाने के लिए लगातार चलने वाला सार्वजनिक शिक्षा और जनहित अभियान है. कौशल विकास मंत्री और मुंबई उपनगर जिला के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने जोर देकर कहा कि समाज के सभी वर्गों, खासकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस अभियान में शामिल होना चाहिए. ‘नशा मुक्त मुंबई’ अभियान 30 जुलाई को वर्ली डोम में शुभारंभ किया जा रहा है और वे उसी के बैकग्राउंड में सोमवार को आयोजित समीक्षा मीटिंग में बोल रहे थे. इस मौके पर उपनगर जिलाधिकारी सौरभ कटियार, मुंबई शहर जिलाधिकारी आंचल गोयल (ऑनलाइन) के साथ बीएमसी प्रशासन, स्कूल विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, बीएमसी के अधिकारी, अलग-अलग एजेंसियों और सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे. मीटिंग में मंत्री लोढ़ा और जिलाधिकारी कटियार ने अभियान को आयोजित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए.