मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस ने कैसे तोड़ी सबसे बड़ी ड्रग्स फैक्ट्री की चेन ?

Spread the love

मीरा रोड मीरा रोड स्थित एक महिला के घर से एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स की बरामदगी के बाद शुरू हुई जांच ने तेलंगाना में एक बड़े ड्रग्स निर्माण रैकेट का पर्दाफाश किया है. मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम डिटेक्शन ब्रांच (कक्ष-4) ने तेलंगाना के जाहिराबाद में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री को नष्ट कर दिया है. इस कार्रवाई में 20 करोड़ 97 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया है । दावा किया गया है कि इस नई फैक्ट्री में प्रतिदिन 20 करोड़ रुपये के ड्रग्स तैयार किए जा रहे थे ।

4 अप्रैल 2026 को नयानगर की छेड़ा आदर्श इमारत में रहने वाली फिरदौस अरबाज कुरैशी के घर पर पुलिस ने छापा मारा था. इस कार्रवाई में 2 करोड़ 66 लाख 17 हजार 280 रुपये मूल्य का 1 किलो 324 ग्राम एमडी जब्त किया गया था. इस मामले में फिरदौस कुरैशी और उसके पति अरबाज वकील कुरैशी के खिलाफ नयानगर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था ।

इस अपराध की गहन जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. मीरा रोड, आजाद मैदान, मालवणी और मनोर इलाकों से एमडी ड्रग्स के साथ-साथ इसे बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले रसायन और सामग्री समेत करीब 13.66 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया था ।

जांच के दौरान आरोपी संदीप नायडू को रायगढ़ जिले के खालापुर से गिरफ्तार किया गया. इसके बाद नसीर उर्फ बाबा जामिया शेख और महमूद महबूब खान को हैदराबाद से हिरासत में लिया गया. उनसे पूछताछ के बाद तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के जाहिराबाद तालुका में एक फार्महाउस में एमडी बनाने की फैक्ट्री चलने की जानकारी सामने आई ।

पुलिस ने तुरंत छापा मारकर फैक्ट्री को नष्ट कर दिया. वहां से तीन किलो एमडी ड्रग्स, क्लोरोफॉर्म, एसीटोन, मोनोमेथिलमाइन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और एनडीपीएस कानून के तहत नियंत्रित ‘2- ब्रोमो’ सहित कुल 2,293 लीटर रसायन जब्त किए गए. इसके अलावा ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सामग्री भी बरामद की गई. पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में जब्त माल की कीमत 6.32 करोड़ रुपये है ।

इस मामले में अब तक 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कुल जब्त माल की कीमत 20.97 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. इस रैकेट के और सुराग तलाशने के लिए क्राइम डिटेक्शन ब्रांच द्वारा जांच जारी है. यह कार्रवाई उपायुक्त संदीप ढोईफोड़े के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त मदन बल्लाल और क्राइम ब्रांच 4 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडाख की टीम ने की है ।

* अंतरराष्ट्रीय स्तर से रसायनों की आपूर्ति

जांच में सामने आया है कि एमडी के निर्माण में उपयोग होने वाले रसायनों की आपूर्ति और वित्तीय लेनदेन की चेन विभिन्न राज्यों से जुड़ी हुई है. पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक ने बताया कि विभिन्न राज्यों में फैले इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच की जा रही है और कच्चा माल आयात करने के लिए उपयोग किए गए बैंक खातों व लेनदेन की पड़ताल चल रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button