शहर में लगेंगे विशेष शिविर : महापौर

Spread the love

आयुष्मान भारत और महात्मा फुले योजना का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचाएं

भाईंदर : आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मीरा- भाईंदर महानगरपालिका में महापौर डिंपल मेहता की अध्यक्षता में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल, स्थायी समिति सभापति हसमुख गहलोत, सदन नेता रवि व्यास, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला समन्वयक डॉ. रवींद्र जगतकर, क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. श्रीकांत पुडकर, इम्प्लीमेंटेशन सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन के विभागाध्यक्ष मंगेश कदम, सहायक राशन वितरण अधिकारी औदुंबर ढोले, राशन वितरण निरीक्षक संदीप दुबे, डॉ. नंदकिशोर लहाने, महानगरपालिका चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजलि पाटिल तथा आरोग्य मित्र उपस्थित थे।

बड़ी संख्या में लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं

समीक्षा के दौरान महापौर ने महानगरपालिका क्षेत्र में योजनाओं के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच की जानकारी ली। बैठक में यह सामने आया कि शहर के कई पात्र नागरिक अब भी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।

बड़ी संख्या में लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं तथा योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और पैनल अस्पतालों की जानकारी का अभाव है।

महापौर ने दिए ये निर्देश

महापौर ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए शहरभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों, चिकित्सकों और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से प्रमुख चौराहों, वार्ड कार्यालयों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, उद्यानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित करने को कहा।

इन शिविरों में नागरिकों को आयुष्मान कार्ड पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेजों, सूचीबद्ध अस्पतालों और योजनाओं के तहत मिलने वाली उपचार सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि योजना से जुड़े सभी अस्पतालों के बाहर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि नागरिकों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। महापौर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग और संस्थाएं समन्वित रूप से कार्य कर योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button