घोड़बंदर- भायंदर सुरंग, वसई क्रीक एलिवेटेड रोड और नवी मुंबई मेट्रो विस्तार

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने 22,611 करोड़ रुपये की अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दे दी। इसमें घोड़बंदर रोड और भायंदर को जोड़ने वाली सुरंग तथा ‘एलिवेटेड कॉरिडोर’ के अलावा नवी मुंबई मेट्रो का विस्तार भी शामिल है। इस विस्तार के तहत लाइन-2 के जरिए नवी मुंबई मेट्रो को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ा जाएगा। इन फैसलों को मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने और यातायात जाम कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इन परियोजनाओं को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की अवसंरचना समिति ने मंजूरी दी। कुल व्यय में से 17,036 करोड़ रुपये की परियोजनाएं गायमुख और फाउंटेन होटल के बीच छह लेन वाली सुरंग तथा फाउंटेन होटल से भायंदर तक छह लेन वाले एलिवेटेड कॉरिडोर से संबंधित हैं। वहीं, नवी मुंबई मेट्रो लाइन-1ए और लाइन-2 के लिए 5,575 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
वसई क्रीक के समानांतर बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में परिवहन तेज, अधिक सुगम और यात्रियों के अनुकूल होगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 14 मीटर व्यास वाली सुरंग का निर्माण ‘टनल बोरिंग मशीन’ (टीबीएम) प्रौद्योगिकी से किया जाएगा। इसके करीब पांच साल में पूरा हो जाने की उम्मीद है। वसई क्रीक के समानांतर बनने वाला ‘एलिवेटेड कॉरिडोर’ 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से यातायात के आवागमन की सुविधा देगा।
मुंबई, ठाणे, कल्याण डोंबिवली, नासिक, पनवेल के ट्रैफिक को बड़ी राहत
अधिकारियों ने कहा कि इस परियोजना से घोड़बंदर रोड पर यातायात का बोझ कम होगा और ठाणे एवं गुजरात की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे पश्चिमी मुंबई और ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, नासिक, पनवेल तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के बीच संपर्क भी बेहतर होने की उम्मीद है। इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत निर्माण-संचालन-हस्तांतरण (बीओटी) आधार पर लागू किया जाएगा।
सागर संगम से एयरपोर्ट तक जुड़ेगी नवी मुंबई मेट्रो
समिति ने परियोजना क्षेत्र के लिए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को विशेष योजना प्राधिकरण नियुक्त किए जाने को भी मंजूरी दी। समिति ने एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले के तहत नवी मुंबई मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दी। इसके तहत लाइन-1ए सागर संगम और सीबीडी बेलापुर को जोड़ेगी, जबकि लाइन-2 पेणधर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ेगी।
इस विस्तार से सागर संगम से हवाई अड्डे तक 28 किलोमीटर लंबा मेट्रो गलियारा तैयार होगा। इसमें 13 नए स्टेशन होंगे, जिनमें दो स्टेशन लाइन-1ए पर और 11 स्टेशन लाइन-2 पर होंगे। बयान में कहा गया कि विस्तारित मेट्रो नेटवर्क से आने वाले वर्षों में रोजाना करीब 12 लाख यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है ।