
भाईंदर : मीरा-भाईंदर मनपा के विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने सोमवार को 3 माह का बकाया वेतन और लंबित मांगों को लेकर मनपा उपायुक्त सचिन बांगर के कार्यालय का घेराव किया. श्रमजीवी कामगार संघ के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान मनपा प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय संविधान के अनुच्छेद-19 के तहत सभी संबंधित कर्मचारी कामबंद हड़ताल पर चले जाएंगे. संघ के मनपा यूनिट के अध्यक्ष मंगेश डी. मोरे ने मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा और महापौर डिंपल मेहता को सौंपे ज्ञापन में कहा कि विभिन्न विभागों के संविदा कर्मचारियों की मूलभूत मांगें, बकाया वेतन और वैधानिक देयक वर्षों से लंबित हैं.
ज्ञापन, पत्राचार व बैठकों के बाद भी नहीं लिए निर्णय इन मुद्दों को लेकर कई बार ज्ञापन, पत्राचार और बैठकों के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. संघ ने स्पष्ट किया कि यदि 7 दिनों के भीतर कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ तो पूरे मनपा में संवैधानिक अधिकारों के तहत कामबंद आंदोलन किया जाएगा. संगठन का कहना है कि आंदोलन के दौरान यदि कानून-व्यवस्था की कोई स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मनपा प्रशासन और संबंधित ठेकेदारों की होगी.