मीरा भाईंदर : बीजेपी ने मीरा- भाईंदर में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाते हुए आरटीआई प्रशिक्षक किरण मांजरेकर, शिवसेना के वरिष्ठ पदाधिकारी एड. श्याम शहारे और युवा सेना के जिला उपाध्यक्ष आर्यन पंडित समेत 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल किया. विधायक नरेंद्र मेहता के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में मांजरेकर को बीजेपी का जिला प्रवक्ता नियुक्त किया गया. जिला अध्यक्ष दिलीप जैन ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा. मांजरेकर ने मेहता के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में आने और पार्टी की मजबूती के लिए ईमानदारी से काम करने की बात कही.
श्याम शहारे ने भी मेहता के नेतृत्व में शहर के विकास और कार्यकर्ताओं को मिले समर्थन को बीजेपी में शामिल होने की वजह बताया. वहीं, आर्यन पंडित के साथ कमल यादव, सुदेश कुमार, आशीष चौरसिया, नितिन राजभर समेत 100 से अधिक युवा सेना कार्यकर्ताओं ने बीजेपी का दामन थामा. मेहता ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के नेतृत्व में बीजेपी लगातार मजबूत हो रही है और विभिन्न दलों के कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं.