
मीरा भाईंदर, 120 करोड़ रुपये से अधिक खर्च, भव्य उद्घाटन और अत्याधुनिक सुविधाओं के बावजूद एक साल से जनता के लिए बंद पड़ी स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे आर्ट गैलरी को अब खोलने की कवायद तेज हो गई है. हाल ही में संपन्न हुई मनपा की आमसभा में भाजपा ने बहुमत से इसके संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव पारित कराया. साथ ही, निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार की जांच का भी फैसला लिया गया. भाईंदर पूर्व के गोल्डन नेस्ट क्षेत्र में निर्मित इस दो मंजिला आर्ट गैलरी का उद्देश्य शहर के कलाकारों और नागरिकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है. यहां अत्याधुनिक गेम जोन, थिएटर और बालासाहेब ठाकरे की जीवनी सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं. एक साल पहले उद्घाटन के बावजूद सालाना करोड़ों रुपये के संभावित संचालन खर्च के चलते इसे जनता के लिए नहीं खोला गया.
सरनाईक ने मनपा की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर अपने निजी खर्च से 10 लाख प्रतिमाह देने की पेशकश की थी. आमसभा में नगरसेवक दिनेश जैन ने निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए जांच की मांग की. संचालन के लिए टेंडर जारी करने और निर्माण कार्य की जांच कराने का प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ. शिवसेना की ओर से जांच के लिए समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया था, पर उसे बहुमत नहीं मिला. दिनेश जैन ने विकास के लिए राज्य सरकार से 3,000 करोड़ रुपये आवंटित होने के सरनाईक के दावे पर भी सवाल उठाए. प्रशासन ने 1,200 करोड़ रुपये की मंजूरी और 250 करोड़ रुपये प्राप्त होने की जानकारी दी.