
यह जीत युवा भारत की ताकत को रेखांकित करती है। जब आकांक्षाएं टूटती हैं, तो गुस्सा संगठित हो जाता है। सीजेपी ने दिखाया कि डिजिटल युग में भी सड़क और सोशल मीडिया का संयोजन प्रभावी हो सकता है।
गत 25 जुलाई को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा जंतर-मंतर पर करीब एक महीने से चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के छात्र आंदोलन के दबाव का सीधा नतीजा था। युवाओं ने जो मांग रखी थी, वह लगभग पूरी तरह स्वीकार कर ली गई। प्रदर्शन समाप्त कर दिए गए। यह घटना स्वतंत्र भारत के छात्र आंदोलनों के इतिहास में एक उल्लेखनीय सफलता के रूप में दर्ज होगी।
सीजेपी आंदोलन की शुरुआत साधारण नहीं थी। इसे अमेरिका में रह रहे इंडो-अमेरिकन अभिजीत दीपके ने शुरू किया। बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहे जाने वाले बयान को उन्होंने व्यंग्य के रूप में अपनाया और सोशल मीडिया के जरिए एक नई भाषा दी। यह डिजिटल व्यंग्य और सड़क पर धरने का मिश्रण था। पारंपरिक छात्र संगठनों से अलग, यह शुरू में गैर-दलीय और आकांक्षा केंद्रित था। एनईईटी-यूजी 2026 के पेपर लीक ने इसे भड़काया था। परीक्षा की अनियमितताओं, छात्र आत्महत्याओं और व्यापक बेरोजगारी ने इसे राष्ट्रीय आंदोलन बना दिया।
हालांकि, इस आंदोलन को व्यापक और टिकाऊ बनाने में पारंपरिक छात्र संगठनों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएसए), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) समेत कई छात्र मोर्चों ने सीजेपी के साथ सक्रिय समर्थन दिया। इन संगठनों ने विभिन्न विश्वविद्यालयों और शहरों में प्रदर्शन, रैलियां और बंद के आह्वान किए। उनकी संगठनात्मक ताकत ने आंदोलन
को सिर्फ जंतर-मंतर तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि पूरे देश में फैलाया।
इसके अलावा, इंडिया गठबंधन की पार्टियों ने भी लगातार दबाव बनाए रखा। संसद में विपक्षी सदस्यों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सत्र बाधित किया। कई नेता जंतर-मंतर पहुंचे। सबसे महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब प्रदर्शनकारियों और सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हुए।
राहुल गांधी सहित कई नेताओं को पुलिस ने हटाया और हिरासत में लिया।
इन घटनाओं ने आंदोलन को और तीखा बना दिया तथा सरकार पर दबाव और बढ़ा दिया। लंबे समय तक चुप्पी साधे रखने वाली मोदी सरकार को अंततः जवाब देना पड़ा। छात्र संगठनों व विपक्षी दलों के संयुक्त दबाव ने आंदोलन को साधारण धरने से कहीं आगे बढ़ा दिया।
स्वतंत्र भारत में छात्र आंदोलन अक्सर गुस्से और उम्मीद का मिश्रण रहे हैं। 1970 के दशक का जेपीआंदोलन आपातकाल के खिलाफ था और उसने लोकतंत्र की बहाली में भूमिका निभाई। 2011 का अन्ना हजारे का भारत भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन मध्यम वर्ग को सड़कों पर लाया और राजनीतिक परिदृश्य बदलने में सफल रहा। मंडल आंदोलन ने सामाजिक न्याय की दिशा बदली। इन आंदोलनों की तुलना में सीजेपी की सफलता
ज्यादा तेज और ठोस दिखता है। प्रधान का इस्तीफा एक स्पष्ट और त्वरित नतीजा है।
दुनिया भर में परीक्षा लीक की घटनाएं बार-बार होती रही हैं। चीन, मिस्र, बांग्लादेश और अमेरिका में भी ऐसे घोटाले सामने आए। लेकिन भारत में पैमाना बहुत बड़ा था। करोड़ों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ा। सीजेपी ने इन लीक को युवा बेरोजगारी से जोड़कर देखा। ग्रेजुएट्स में लगभग 40 प्रतिशत को उपयुक्त नौकरी नहीं मिल पाती। यही वजह थी कि आंदोलन सिर्फ परीक्षा सुधार तक सीमित नहीं रहा।
वैश्विक तुलना भी दिलचस्प है। बांग्लादेश के 2024 के छात्र आंदोलन ने कोटा व्यवस्था के खिलाफ शुरू होकर सरकार बदल दी। चिली के 2011 छात्र आंदोलन ने शिक्षा सुधारों को मजबूर किया। हांगकांग के 2019 आंदोलन में युवाओं ने डिजिटल रणनीति अपनाई। सीजेपी ने इन सबकी कुछ खूबियों को अपनाया व्यंग्य, सोशल मीडिया और निरंतर दबाव। लेकिन भारत के लोकतांत्रिक ढांचे में
यह दबाव ज्यादा प्रभावी साबित हुआ। अब सवाल यह है कि आगे क्या ?
सरकार ने कुछ मांगें स्वीकार की
हैं मुआवजा, मामलों की वापसी और सुधारों का वादा। लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है। क्या परीक्षा प्रणाली में स्थायी बदलाव आएंगे? क्या कोचिंग संस्कृति और नौकरी के संकट पर ध्यान दिया जाएगा? इतिहास बताता है कि छात्र आंदोलन अक्सर त्वरित सफलता पाते हैं, लेकिन दीर्घकालिक सुधारों के लिए निरंतर दबाव जरूरी होता है।
यह जीत युवा भारत की ताकत को रेखांकित करती है। जब आकांक्षाएं टूटती हैं, तो गुस्सा संगठित हो जाता है। सीजेपी ने दिखाया कि डिजिटल युग में भी सड़क और सोशल मीडिया का संयोजन प्रभावी हो सकता है। साथ ही, पारंपरिक छात्र संगठनों और विपक्षी दलों के सक्रिय सहयोग ने इसे और मजबूत बनाया। यह आंदोलन सिर्फ एक मंत्री के इस्तीफे की कहानी नहीं है। यह शासन की जवाबदेही, मेरिट की रक्षा और युवाओं के सपनों की रक्षा की कहानी है।