दीपोत्सव पर दिया गया जल संरक्षण का संदेश

मीरा-भाईंदर, राज्य में गहराते सूखे के हालात और पानी की किल्लत के बीच मीरा-भाईंदर के पेनकरपाड़ा में इस बार की दिवाली बेहद खास रही. यहां के स्थानीय नागरिकों ने उत्सव के उल्लास को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है. पेनकरपाड़ा गांव स्थित ऐतिहासिक आई निरबादेवी मंदिर परिसर में आयोजित भव्य दीपोत्सव में 10 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए, जिनकी रोशनी से पूरा इलाका जगमगा उठा. इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण दीयों से उकेरी गई 70 फीट की एक विशाल प्रतिकृति (आकृति) रही. इस कलाकृति के जरिए समाज को जल संरक्षण, भू-जल स्तर बढ़ाने और पानी के किफायती इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया. पिछले पांच वर्षों से दिवाली पड़वा के पावन अवसर पर यहां लगातार इस दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष भी रोशनी के इस पर्व को पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा की जिम्मेदारी से जोड़ते हुए नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सामूहिक भागीदारी निभाई. दीपों की अद्भुत जगमगाहट के बीच आयोजित इस उत्सव ने न केवल पारंपरिक दिवाली की खुशियां और उत्साह बांटा, बल्कि आज के जल संकट के दौर में पानी की हर एक बूंद के मूल्य को भी बेहद प्रभावी तरीके से समझाया. इस अनूठी पहल की पूरे मीरा-भाईंदर क्षेत्र में सराहना हो रही है.