मीरा-भाईंदर मनपा मुख्यालय के बाहर अवैध पार्किंग का जाल, सफाई कर्मी की मौत के बाद बढ़े सवाल

Spread the love

भाईंदर पश्चिम स्थित मीरा-भाईंदर मनपा मुख्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर अवैध पार्किंग का जाल लगातार फैलता जा रहा है। हालत यह है कि मुख्य गेट के आसपास बस स्टॉप से लेकर मनपा के इनवर्ड-आउटवर्ड कार्यालय तक इस अव्यवस्था की चपेट में हैं। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यहां रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। नागरिकों और कर्मचारियों का आरोप है कि मीरा-भाईंदर मनपा मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र के बाहर लंबे समय से अवैध पार्किंग हो रही है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा। इसी लापरवाही के बीच बीते मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया।

मुख्यालय के गेट पर अपनी ग्रेज्यूटी और अन्य हक की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही श्रमजीवी कामगार संगठन की सदस्य एवं सफाई कर्मी आशा सहनी को मनपा परिवहन सेवा की बस ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल आशा सहनी की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई।

घटना के बाद श्रमजीवी कामगार संगठन ने मनपा प्रशासन और परिवहन विभाग पर गंभीर सवाल उठाते हुए दोषी बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

संगठन का कहना है कि यदि मुख्यालय के बाहर यातायात और पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। अब इस घटना के बाद मनपा मुख्यालय के बाहर फैली अवैध पार्किंग और यातायात अव्यवस्था को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button