21 हादसों के बाद जागा प्रशासन, ठाणे मेट्रो मार्ग की जर्जर सड़कों पर शुरू हुई मरम्मत

Spread the love

ठाणे जिले के मीरा- भाईंदर में मेट्रो लाइन के नीचे की मुख्य सड़कों पर लंबे समय से बने गड्ढों और असमान सतह से परेशान वाहन चालकों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।

MMRDA ने संबंधित ठेकेदार के माध्यम से गड्ढों की मरम्मत और सड़क को समतल करने का कार्य शुरू करा दिया है। विभिन्न स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से गड्ढे भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जा रही है।

शुरू हुई दहिसर से काशीगांव तक मेट्रो सेवा

दहिसर से काशीगांव तक मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है, जबकि काशीगांव से सुभाष चंद्र बोस मैदान तक स्टेशन और ट्रैक निर्माण कार्य जारी है। निर्माण के दौरान मुख्य सड़कें कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया।

मेट्रो परियोजना के समझौते के अनुसार इन सड़कों के रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की है, लेकिन लापरवाही के कारण सड़कें बदहाल हो गई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनपा प्रशासन, MMRDA और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक के बाद मरम्मत कार्य शुरू किया गया।

फिलहाल खतरनाक स्थानों के सड़क को पहले समतल की जा रही है तथा पूरे मार्ग पर चरणबद्ध तरीके से गड्ढे भरे जाएंगे। पिछले तीन महीनों में इन सड़कों पर 21 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 7 लोगों की मौत हुई। लगातार हादसों और प्रशासन से जवाब-तलब के बाद अब मरम्मत कार्य तेज किया गया है।

अभियंता को पत्र लिख समस्या बताई

इस बीच MMRDA ने मीरा- भाईंदर मनपा के शहर अभियंता को पत्र लिख कर मीरा रोड स्थित शहीद भगत सिंह गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास सड़क की खतरनाक असमानता पर चिंता जताई।

पत्र में कहा गया है कि मनपा द्वारा जलापूर्ति की पाइपलाइन बिछाने के बाद मैस्टिक डामर से मरम्मत की गई, लेकिन कंक्रीट और डामर सड़क की ऊंचाई में अंतर रहने से सड़क विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिमपूर्ण बन गई है। MMRDA ने इस असमानता को तत्काल दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button